एसएसबी ने 10 कछुओं सहित दो तस्करों को किया गिरफ्तार

एनटी न्यूज डेस्क/ महाराजगंज

66 वीं सशस्त्र सीमा बल सिद्धार्थनगर 2 सीमा चौकी जोगिया बारी के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह के नेतृत्व में जोगिया बारी के निकट दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 10 कछुआ बरामद किया गया। मिली खबर के मुताबिक एसएसबी के उप निरीक्षक यशपाल सिंह के जरिए मुखबिर को सूचना मिली कि भारत से कोल्हुई के रास्ते नेपाल को कछुआ की तस्करी की जा रही है।

दो तस्कर कछुआ लेकर नेपाल सीमा पर प्रवेश करने वाले हैं। इस सूचना पर उप निरीक्षक ने वन विभाग को भी सूचित किया। वन विभाग एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने जोगिया बारी सीमा पर नेपाल भागने का फ़िराक़ कर रहे दो युवकों को हिरासत में ले लिया तथा उनके कब्जे से 10 कछुआ बरामद किया। गिरफ्तार युवक छेदीलाल पुत्र जयलाल एवं रवि पुत्र नकछेद निवासी मधवापुर महाराजगंज बताया जा रहे हैं । एसएसबी ने गिरफ्तार व्यक्तियों को कछुआ सहित वन विभाग को कानूनी कार्रवाई हेतु सुपुर्द कर दिया।

बढ़ती जा रही कछुए की तस्करी

घर में सुख-शांति और धन की कामना किसे नहीं होती, लेकिन इसकी कीमत किसी बेजुबान की जान हो तो बात समझ से परे है। वो भी तब, जबकि इसका कोई वैज्ञानिक आधार न होकर केवल अंधविश्वास हो। धन, सुख-शांति, वास्तु से लेकर यौनवर्धक के तौर पर संरक्षित वन्य जीवों की तस्करी, भारत के संरक्षित वन्य जीवों के लिए बड़ा खतरा बन चुकी हैं और यूपी इन तस्करों का मुख्य अड्डा। इन जीवों की तस्करी में सोशल मीडिया और इंटरनेट विलेन की भूमिका भी निभा रहे हैं।

बता दें कि पिछले कुछ सालों से यूपी में एक खास किस्म के कछुओं की तस्करी जोरों पर है। यूपी से इन कछुओं की दुनिया भर में ऊंची कीमत के लिए तस्करी हो रही है।