विकास दुबे का साथी बदमाश एनकाउंटर में घायल, पुलिस ने विकास दुबे पर 50 हज़ार से बढ़ाकर 1 लाख किया ईनाम

न्यूज़ टैंक्स  | उत्तर प्रदेश

मोस्ट वांटेड विकास दुबे के साथी दोस्त को कल्याणपुर पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। संघर्ष में उसके पैर में पुलिस की गोली लगी है। लहूलुहान हालात में पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। वह वारदात के बाद से फरार था और कल्याणपुर के आसपास सक्रिय था। यहीं पर विवादित जमीनों के कारोबार में विकास दुबे का साथ देता था, उसपर कल्याणपुर थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं। दो मुकदमे हत्या के प्रयास और एक मुकदमा आर्म्स एक्ट का है।

उधर विकास दुबे पर एडीजी ने इनाम की धनराशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख कर दी है। शनिवार देर रात पुलिस को कल्लू की लोकेशन जवाहरपुरम पुलिया के पास मिली, इसके बाद पुलिस टीमों ने घेराबंदी की तो कल्लू ने भागने का प्रयास किया। बचने के लिए उसने पुलिस पर फायरिंग की तो पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए उसे पकड़ लिया। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि मुठभेड़ में दयाशंकर अग्निहोत्री को गिरफ्तार कर लिया गया है, उसके बाएं पैर में गोली लगी है। उससे पूछताछ करके विकास दुबे के बारे में भी अन्य जानकारियां हासिल की जा रही हैं।

कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में घायल दयाशंकर उर्फ कल्लू ने पूछताछ के बाद पुलिस को बताया है कि विकास को दबिश की पहले से सूचना थी।दबिश से पहले विकास दुबे ने बाहर से हथियारबंद शूटर बुलवाए थे। उसने यह भी बताया कि विकास दुबे ने उसकी लाइसेंस बंदूक छीन कर फायरिंग की थी दयाशंकर , विकास के घर रहने वाली नौकरानी रेखा का पति बताया जा रहा है। एसटीएफ दयाशंकर से गहन पूछताछ कर रही है।

एडीजी जय नरायन सिंह ने बताया कि विकास दुबे के इनाम की धनराशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। वहीं आइजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस वालों के सामूहिक हत्याकांड के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित विकास दुबे के अलावा उसके दस साथियों को नामजद और 60-70 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने मुठभेड़ में अतुल दुबे और प्रेम कुमार पांडेय को मार गिराया था। दोनों अभियुक्त नाजमद थे।