वैसे तो यूपी में योगी सरकार ने गौहत्या की रोकथाम के लिए सख्त कानून बनाएं हैं, लेकिन इसके बाद भी प्रदेश में कई ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, जिनमें आए दिन इस कानून के तहत लोग पकड़े जाते हैं। ताजा मामला यूपी के रामपुर जिले से सामने आया है। दरअसल रामपुर जिले के टांडा थाना में यासीन नाम के एक युवक की 18 मार्च को बारात जानी थी और इसके अगले दिन दावत-ए-वलीमा का कार्यक्रम था।
इस वलीमा को लेकर 17 मार्च को यासीन और उसके परिवार के लोग तैयारी में जुटे थे। आरोप है कि यासीन के परिवार ने वलीमा के लिए घर में गाय काटी। इसकी भनक जब टांडा पुलिस को लगी तो पुलिस यासीन के घर जा पहुंची। पुलिस को देखते ही यासीन और उसके परिवार वाले चौंक गए। वहीं जब पुलिस ने घर के अंदर छापा मारा तो उसे करीब एक कुंतल से भी अधिक गाय का मांस मिला।

पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा
मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले में उनमें दूल्हा यासीन, अब्दुल सलाम, बाबू हाजी, मोहम्मद रफी, भूरा, मोहम्मद इस्लाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
गौहत्या के आरोप में यासीन अब जेल में है, इतना ही नहीं, जानकारी ये भी मिली है कि, जेल जाने की वजह से उसका निकाह भी कैंसिल हो गया है। वहीं अगर उत्तर प्रदेश में गोवध कानून पर गौर करें तो गौहत्या करने पर 3 से 10 साल की सजा और गौवंश को शारीरिक तौर पर नुकसान पहुंचाने पर पौने दो साल की सजा का प्रावधान है।

