वार्ड पार्षदों का संचारी रोग नियंत्रण अभियान पर हुआ संवेदीकरण

कानपुर नगर निगम के सभी पार्षदों का विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान पर संवेदीकरण के लिए ब्रहस्पतिवार को प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जनपद के सभी छः जोन ग्रीन पार्क, कृष्णा नगर, किदवई नगर, मोती झील, गोविन्द नगर और मरियमपुर में प्रशिक्षण आयोजित किये गए।


ए.सी.एम.ओ. व वेक्टर बोर्न डिज़ीज़ के नोडल डॉ. ए.पी. मिश्रा ने कार्यक्रम में कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नेपाल सिंह के निर्देशानुसार विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के सफल क्रियान्वयन और परिणाम के लिए सभी विभाग साथ मिल कर प्रयास कर रहे हैं। इसमें जनपद के जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संचारी रोगों पर बेहतर नियंत्रण हो सकेगा। जनपद में सभी जोन में संवेदीकरण/ प्रशिक्षण आयोजित किये गए है। इनमें वार्ड पार्षदों ने प्रतिभाग किया है ।

जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह ने पार्षदों की भूमिका पर चर्चा करते हुए सभी को कार्यक्रम की रूपरेखा और उनकी भूमिका बताई। प्रशिक्षण में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा अधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पाथ- सी.एच.आर.आई. के आई.वी.एम. कोऑर्डिनेटर सीताराम चौधरी ने बताया कि अभियान में वार्ड पार्षद सक्रीय रूप से कार्य करेंगे और अपने वार्ड की साफ-सफाई, नालियों की सफाई, जलभराव के स्रोतों का विनष्टीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम में सहयोग करेंगे।

अलग-अलग जोन में हुए कार्यक्रम में ए.सी.एम.ओ. डॉ. शुभा मिश्रा, प्रभारी नगरीय मलेरिया इकाई डॉ. आर.एन.सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संखवार और ए.सी.एम.ओ. डॉ. सुबोध प्रकाश ने कार्यक्रम का निर्देशन किया। इसके साथ ही सहायक मलेरिया अधिकारी भूपेन्द्र सिंह व एल.के.पाण्डेय, मलेरिया निरीक्षक, सहयोगी संस्थाओं में यूनिसेफ, पी.सी.आई., पाथ, एवं एफ.एच.आई. के प्रतिनिधियों ने भी सहयोग किया।