समाजवादी महिला सभा ने किया महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन

लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने कहा-‘ प्रचंड बहुमत से बनेगी SP सरकार’

NT news / लखनऊ। रविवार को राजधानी के निराला नगर में समाजवादी पार्टी के महिला सभा की ओर से ‘महिला संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह मौजूद थी। जिनका स्वागत मुख्य आयोजक डॉ. आशुतोष वर्मा ने शॉल व माल्यार्पण करके किया। इस मौके पर जूही सिंह ने शिक्षा, महिला सुरक्षा और प्रदेश की कानून व्यवस्था के मुद्दों पर योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। उन्होंने बताया कि ये सरकार हर मुद्दे पर फेल है। प्रदेशवासी आने वाले चुनावों में इन्हें सत्ता से हटाकर फेंक देंगे।

‘प्रचण्ड बहुमत से समाजवादी सरकार बनाएंगे’

महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “लखनऊ का विकास समाजवादी पार्टी की सरकार ने किया। हर इतवार कार्निवाल का आयोजन हुआ करता था। दूर-दूर से कलाकार आते थे। गोमती रिवर फ्रंट पर लोग आनंद लेते हैं। दिल्ली में लोगों का सांस लेना दूभर हो रहा है। जनेश्वर मिश्र पार्क व लोहिया पार्क की वजह से लोग लखनऊ में सांस ले रहे हैं। योगी सरकार ने एक भी पार्क नहीं बनाया।” उन्होंने कहा कि लखनऊ की आवाज़ बदलना है। समाजवादी पार्टी को जिताना है। हम प्रचण्ड बहुमत से समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएंगे। लखनऊ की हर सीट पर सपा ही जीतेगी। सारी कॉलोनी, सारी बस्तियों, सारे गांवों से अपने विधायक को जिताएंगे।

इस सरकार में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े

कार्यक्रम की संयोजिका व राष्ट्रीय महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. सीमा सिंह पटेल ने महिलाओं को संबोधित करते हुए मौजूदा सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि “इस सरकार में सिर्फ-ओ-सिर्फ महिलाओं के ऊपर अत्याचार हुए। रेप के मामले बढ़े। हाथरस और उन्नाव जैसी घटनाएं हुई। महिलाएं असुरक्षित हैं। शिक्षा का अभाव हो रहा है। हमारी सरकार में अखिलेश यादव उन्हें लैपटॉप देते थे। सुरक्षा के लिए 1090 जैसी योजनाएं दी।” साथ ही, उन्होंने महिलाओं की मुश्किलों और उनकी परेशानियों के बारे में बात की। इसके अलावा महिलाओं से उनकी समस्याओं पर चर्चा की।

‘महिलाओं का घर चलाना मुश्किल’

महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रेया वर्मा ने महंगाई, जीएसटी और कोविड़-19 का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि “बच्चियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है और गृह मंत्री अमित शाह कहते हैं कि महिलाएं रात में गहने पहनकर निकलती हैं। 2022 का चुनाव निकट है। हमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। इस दिशा में हमें हर मुमकिन कदम उठाने की आवश्यकता है।” उन्होंने कहा कि महिलाओं का घर चलाना मुश्किल हो गया है। बढ़ती महंगाई, कोरोना और जीएसटी की वजह से सभी महिलाएं परेशान हैं।

‘एकता और अखंडता बनाकर पाएंगे सत्ता’

समाजवादी पार्टी की प्रवक्ता सुमैया राणा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “सच बोलने से नहीं डरना चाहिए। महिलाओं के प्रति मौजूदा सरकार असम्मानजनक व्यवहार रखती है। जिसके खिलाफ हम हमेशा मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार रहते हैं और हमें रहना भी चाहिए।” उन्होंने मजाज़ लखनवी का एक शे’र “तेरे माथे पे ये आँचल बहुत ही ख़ूब है लेकिन, तू इस आँचल से एक परचम बना लेती तो अच्छा था” सुनाया। साथ ही, उन्होंने कहा कि एकता और अखंडता बनाकर सत्ता पाएंगे।

‘सरकार ने कोई नया काम नहीं किया’

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक डॉ. आशुतोष वर्मा ने समाजवादी पार्टी की योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि “हम डायल-100, 1090, कन्या विद्या धन योजना लेकर आए। इस सरकार ने कोई नया काम नहीं किया। युवाओं का न तो नौकरी दी, न महिलाओं के मुद्दे पर कोई काम किया और न ही किसानों को ख़ुश रख पाए।”

इस मौके पर महिला सभा की ओर से चाहत मल्होत्रा ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की बात कही। जबकि, कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा, महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निधी यादव , उत्तर विधानसभा अध्यक्ष अलोक यादव सहित तमाम महिलाएं और समाजवादी कार्यकर्ता शामिल हुए।