News Tanks
मुंबई। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय (MoPSW) के तत्वावधान में जवाहरलाल नेहरू पत्तन प्राधिकरण (JNPA) और भारतीय बंदरगाह संघ (IPA) ने मंगलवार को मुंबई में “हरित और डिजिटल समुद्री गलियारों पर नेताओं की वार्ता” का आयोजन किया। यह बैठक आगामी अक्टूबर में होने वाले भारत समुद्री सप्ताह 2025 की तैयारियों का हिस्सा रही।
इस मौके पर भारत और विदेश से आए वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्ति, उद्योग जगत के नेता और प्रमुख समुद्री हितधारकों सहित 300 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए।
वीडियो संदेश के जरिए केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा,
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत-सिंगापुर संबंध कई क्षेत्रों में मजबूत हुए हैं। यह ग्रीन और डिजिटल कॉरिडोर कम उत्सर्जन तकनीक और डिजिटल उपकरणों को बढ़ावा देगा तथा समुद्री संचालन में बदलाव लाएगा।”

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वधावन बंदरगाह संचालन के पहले दिन से ही दुनिया के शीर्ष 10 बंदरगाहों में शामिल होने के लिए तैयार है, जिससे भारत का समुद्री बुनियादी ढांचा बदल जाएगा।सिंगापुर के उप-प्रधानमंत्री गान किम योंग ने हरित नौवहन और नवीकरणीय ऊर्जा में सहयोग को ‘स्थायी भविष्य’ के लिए अहम बताया, वहीं कार्यवाहक परिवहन मंत्री जेफरी सियो ने सितंबर 2025 में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर की जानकारी दी।
मंत्रालय के सचिव टीके रामचंद्रन ने अंतरराष्ट्रीय गलियारों को “विकास के इंजन” बताते हुए IMEC, INSTC और EMC की भूमिका पर जोर दिया। संयुक्त सचिव आर लक्ष्मणन ने IMW 2025 को “वैश्विक समुद्री हितधारकों को जोड़ने का प्रमुख मंच” बताया।
जेएनपीए के अध्यक्ष उन्मेष शरद वाघ ने अपने संबोधन में “हरित, स्मार्ट और अधिक जुड़े हुए गलियारों” के लिए सहयोग का आह्वान किया। दिनभर के सत्रों में समुद्री सुधार, बुनियादी ढांचे की उपलब्धियां और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर चर्चा हुई।
भारत समुद्री सप्ताह 2025, 27 से 31 अक्टूबर को मुंबई के बॉम्बे प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित होगा। इस आयोजन को एसोचैम ने उद्योग भागीदार और ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी ने ज्ञान भागीदार के रूप में समर्थन दिया।

