लखनऊ, 22 अगस्त।
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD) की ओर से शुक्रवार को लखनऊ में खाद्यान्न खरीद सुधारों पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों के लिए आयोजित की गई, जिसमें 169 अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला की अध्यक्षता अशुतोष अग्निहोत्री, आईएएस, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, भारतीय खाद्य निगम (FCI) ने की। इस मौके पर भारत सरकार से सी. शिखा, आईएएस, संयुक्त सचिव (नीति एवं एफसीआई) और अनीता कर्ण, आईएफएस, संयुक्त सचिव (भंडारण) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन की जिम्मेदारी डीएफपीडी की ओर से प्रशांत शर्मा, आईएएस, महाप्रबंधक (उत्तर प्रदेश), भारतीय खाद्य निगम ने निभाई।उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग रणवीर प्रसाद और खाद्य आयुक्त भूपेंद्र चौधरी 100 से अधिक अधिकारियों की टीम के साथ शामिल हुए।

कार्यशाला में खाद्यान्न खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और डिजिटल एकीकरण पर जोर दिया गया। इसमें पीसीएसएपी (PCSAP), सीएफपीपी (CFPP), सीएफएसपी (CFSP), एग्री-स्टैक (Agri-Stack), स्कैन मॉड्यूल (SCAN Module) और अन्य सुधारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
गौरतलब है कि यह कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा 18 प्रमुख क्रय करने वाले राज्यों में आयोजित की जा रही कार्यशालाओं की श्रृंखला का हिस्सा है। इससे पहले चेन्नई, रायपुर और चंडीगढ़ में ऐसी कार्यशालाएँ हो चुकी हैं। आगामी धान क्रय सत्र को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने इसे अहम कदम बताया है।

