एनटी न्यूज डेस्क / पटना
रोजगार सृजन को लेकर नीतीश सरकार की ओर से विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी संबंधित विभाग रोजगार सृजन को लेकर किए जा रहे कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। लॉकडाउन से अब तक 4 लाख 46 हजार से अधिक योजनाओं के अंतर्गत 5 करोड़ 43 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है।
ये बात सूचना एवं जन-संपर्क सचिव अनुपम कुमार ने बताई। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति को लेकर सरकार द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। आज की तिथि में ब्लॉक क्वारेंटाइन सेंटर्स की संख्या 5,991 है, जिनमें 1 लाख 63 हजार 329 लोग आवासित है।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के ब्लॉक क्वारेंटाइन सेंटर्स में अब तक 15 लाख 19 हजार 165 लोग आवासित हो चुके हैं। जिनमें 13 लाख 55 हजार 836 लोग क्वारेंटाइन की निर्धारित अवधि पूरा कर अपने घर वापस जा चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना के अंतर्गत बाहर फंसे, बिहार के 20 लाख 86 हजार 140 लोगों के खाते में प्रति व्यक्ति 1,000 रुपए की सहायता राशि भेजी जा चुकी है।
किसानों की हो रही है मदद
अनुपम कुमार ने बताया कि असामयिक वर्षापात और ओलावृष्टि के कारण फरवरी, मार्च और अप्रैल महीने में किसानों की जो फसल हुई है, उसके लिए कृषि इनपुट अनुदान के तहत 730 करोड़ रुपए की राशि निर्गत की गई है। इसमें से अब तक 425 करोड़ रुपए की राशि 12 लाख 50 हजार किसानों के खाते में अंतरित की जा चुकी है, शेष किसानों के आवेदनों का निष्पादन तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही कृषि इनपुट अनुदान की राशि प्रभवित किसानों के खाते में भेज दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि, श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के बिहार आने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सोमवार को 2 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से 3,300 लोग बिहार पहुंच रहे हैं। जबकि मंगलवार के लिए भी 2 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें शिड्यूल्ड हैं, जिनके माध्यम से 3,300 लोगों का आगमन संभावित है।


