पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री व राज्यमंत्री जल शक्ति ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया सर्वेक्षण

न्यूज़ टैंक्स | बाराबंकी
रिपोर्टर- बलराम सिंह

बाराबंकी जनपद में घाघरा सरयू नदी अपने पूरे उफान पर है। सरयू नदी खतरे के लाल निशान से ऊपर पहुंच गयीं है जिससे जनपद के करीब 80 गांव जलमग्न हो गये है।

बाढ़ के पानी से रामनगर, सिरौलीगौसपुर और फतेहपुर तहसील क्षेत्र में लोगों का जन जनजीवन अस्त व्यस्थ हो गया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग सशक्तिकरण मंत्री अनिल राजभर एवं राज्य मंत्री जल शक्ति विभाग बलदेव सिंह औलख ने जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति व बाढ़ पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता के संबंध में जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को बाढ़ पीड़ितों को राहत व बचाव कार्यों को युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिये।

बाढ़ निरीक्षण करने आये कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने मीडिया से बात करते हुये कहा कि प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी है पिछले साल की अपेक्षा इस वर्ष नदियों का जलस्तर काफी बढ़ा है जिससे आसपास के लोग प्रभावित है, उसी के संबंध में बाढ़ से प्रभावित लोगो के लिए राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा बैठक आज हुई है।

मंत्री अनिल राजभर ने खुशी जाहिर करते हुवे बताया कि हमारे मुख्यमंत्री जी की सक्रियता और जिले के अधिकारियों की कार्यकुशलता की वजह से बाढ़ पर नियंत्रण पाया गया है और आगे भी ऐसी ही सक्रियता से बाढ़ पर काबू पाया जाएगा ।