Friday , 19 April 2024

सावन का महीना, बीमारियां करें शोर!

न्यूजटैंक्स / लखनऊ डेस्क ।

बरसात का मौसम आते ही चहरे पर खुशी झलकने लगती है क्योंकि बरसात की बूंदें तपती गर्मी से राहत दिलाने में मददगार साबित होती हैं। इस मौसम में चाय की चुस्कियों के साथ पकौड़े और समोसे खूब पसंद किए जाते हैं। लेकिन मानसून अपने साथ कई प्रकार की बीमारियां भी साथ लेकर आता है। आज हम मौसम के बदलने से होने वाली वायरल और बैक्टीरियल बीमारियों के बारे में बताएंगे। साथ ही यह भी बताएंगे कि कैसे आप इन्हीं पकवानों के जरिये अपने स्वास्थ्य का भी ख्याल रख सकते हैं।

शहद और अदरक वाली चाय

बरसात में हमें गर्म या गुनगुना पानी ही पीना चाहिए। यह हमारे स्वास्थ के लिए बहुत लाभकारी है। अदरक वाली चाय या गर्म दूध का भी आनंद ले सकते हैं। इनसे हमारे शरीर को एनर्जी मिलती है और हमें छोटी-मोटी बीमारियों या वायरल जैसी समस्याओं से छुटकारा मिलता है। बरसात के मौसम में शहद का भी प्रयोग कर सकते हैं। शहद औषधीय गुणों से भरपूर होता है। इसका सेवन हम ग्रीन टी या गर्म पानी के साथ भी कर सकते हैं। शहद के प्रयोग से हमें प्रचुर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स मिलते हैं। हमारी इम्युनिटी भी बूस्ट होती है।

फोटो : इंटरनेट

क्या खाएं, क्या नहीं

इस मौसम में हल्दी, धनिया, लहसुन, जीरा, मिर्च, अदरक, हींग और मेथी के बीज का इस्तेमाल ज्यादा करना चाहिए। इससे पाचन संबंधी समस्याएं दूर होती हैं। इस मौसम में हमें अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए। इन दिनों अधिक डेरी प्रोडक्ट्स का उपयोग न करें क्योंकि इनमें अधिक बैक्टीरिया होने की सम्भावना होती है, जो कि हमारे शरीर के लिए बिल्कुल भी फायदेमंद नहीं है। हमें ताजा भोजन ही करना चाहिए। बासी या बचे हुए खाने से परहेज करें। फ्रिज में रखे हुए भोजन को गर्म करने के बाद ही खाएं।

फोटो : इंटरनेट

स्ट्रीट फूड लवर्स हो जाएं सतर्क

हमें बाहर के खाने से बचना चाहिए और स्ट्रीट फ़ूड से तो बिल्क़ुल ही दूरी बनाकर रखनी चाहिए। इस मौसम में बैक्टीरियल इन्फेक्शन और वायरल होने की अधिक संभावना होती है। इमली की चटनी और अचार जैसी खट्टी चीजों के सेवन से बचना चाहिए। इससे वॉटर रिटेंशन का खतरा बढ़ जाता है। इस मौसम में हमें सूप का भी प्रयोग करना चाहिए।