Friday , 29 March 2024

बीजेपी प्रवक्ता का मायावती को जवाब- जनता में जनाधार व विश्वास बढ़ा है

लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता साक्षी दिवाकर ने बसपा सुप्रीमो, पूर्व मुख्यमंत्री  मायावती  के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बहन जी भाजपा को जनता ने जनादेश ही संकीर्णता, जातिवाद व भ्रष्टाचार की संस्कृति खत्म कर विकास व सुशासन स्थापित करने के लिए दिया है। यही कारण है कि भाजपा का जनाधार और उस पर जनता का विश्वास दोनों ही बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा संकीर्णता की राजनीति का दंश इस प्रदेश ने सपा-बसपा की सरकारों में झेला है। जनता जानती है कि कैसे मनी और मिडिलमैन प्रदेश की सत्ता की नीति और रणनीति तय करते थे। आपकी कथनी और करनी का अंतर जगजाहिर है, इसलिए आपके कहे का भरोसा न आपकी पार्टी के भीतर किसी को है और न ही बाहर।

साक्षी दिवाकर ने कहा कि संघ एक राष्ट्रभक्त संगठन है। राष्ट्र व समाज निर्माण के लिए अहर्निश भाव से कार्य कर रहा है। संघ का स्वयंसेवक देशसेवा, समरसता व आत्मसम्मान का भाव जागृत करने के लिए निरंतर कार्यरत है। इसलिए परिवारवाद, जातिवाद व भ्रष्टाचार के पोषकों को संघ की कार्य संस्कृति न समझ में आएगी और न ही भाएगी।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि लगातार चुनावी पराजय झेल रही बसपा प्रमुख मायावती अपने सिमटते जनाधार से बौखलाई हुई है। जातिवादी सोच और तुष्टिकरण की नीतियों के जरिए सत्ता में आने का उनका मंसूबा अब कभी पूरा नहीं हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  की सरकार सबका साथ-सबका विश्वास की नीति पर काम करते हुए जनापेक्षाओ के अनुरूप कार्य कर रही है। यही कारण है कि जनता का विश्वास भाजपा पर और भी दृढ़ हुआ है।