Thursday , 9 May 2024

आए थे भाग लेने, मोदी की बुराई होने पर वापस भागे

एनटी न्यू़ज़ डेस्क / जबलपुर / श्रवण शर्मा

राहुल गांधी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना जबलपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक लखन घनघोरिया को महंगी पड़ गई। एनसीसी कैडेट्स को राहुल के जन्मदिन पर सद्भावना दौड़ के लिए बुलाया था। जब पूर्व विधायक ने प्रधानमंत्री की नीतियों के खिलाफ बोलना शुरू किया तो कैडेट्स नाराज हो गए। दौड़ कार्यक्रम छोड़ कैडेट्स वापस अपनी-अपनी बसों में बैठ गए। बहुत मनाने पर भी दौड़ के लिए राजी नहीं हुए।

क्या था माजरा…

श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में 2 एमपी महिला बटालियन का कैंप है। इसमें करीब 500 एनसीसी कैडेट्स हैं, जिन्हें दौड़ के लिए बुलाया गया था। कांग्रेस के पूर्व विधायक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर रन फॉर आरजी नाम से दौड़ का आयोजन किया था। मालवीय चौक से दौड़ होनी थी। सुबह 9 बजे का वक्त तय हुआ था। बसों में भरकर एनसीसी कैडेट्स आए।

दौड़ शुरू होने वाली ही थी, तभी पूर्व विधायक महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला अपराध पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निसाना साधने लगे। प्रधानमंत्री के खिलाफ बोलने से एनसीसी कैडेट्स नाराज हो गए। मीडिया कर्मियों के सामने ही कार्यक्रम छोड़कर जाने लगे तो कांग्रेस नेता परेशान हो गए। फौरन कैडेट्स को मनाने के लिए नेता पहुंचे, उन्हें वापस दौड़ में हिस्सा लेने का निवेदन किया लेकिन कोई नहीं माना।

पर्यावरण के लिए आए थे, कार्यक्रम राजनीतिक दिखा तो भागे वापस…

कमांडेंट कर्नल वीके चौहान ने कहा कि आयोजकों ने पर्यावरण के लिए रैली निकालने की जानकारी दी। कैडेट्स को इसी वजह से भेजा गया था। मौके पर पहुंचकर जैसे ही समझ में आया कि आयोजन राजनीतिक मकसद के लिए हो रहा है तो फौरन कैडेट्स वापस लौट आए। क्योंकि एनएससी कैडेट्स किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेते। वहीं कैंप में भी उनका अन्य आयोजन होना था जहां मोदी या राहुल जैसा कोई मुद्दा नहीं है।