Friday , 29 March 2024

प्रयागराज : जिला महिला चिकित्सालय को एन्क्वास मिलना तय

एनटी न्यूज़डेस्क/प्रयागराज 

प्रयागराज: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत वर्ष 2020-2021 के लिए नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड(एन्क्वास) कार्यक्रम के अन्तर्गत जिला महिला चिकित्सालय का वर्चुअल माध्यम से असेसमेंट किया गया। इसके लिए भारत सरकार की ओर से मध्य प्रदेश के डॉ. अरुण त्रिपाठी और एम्स दिल्ली से डॉ. अमित कुमार अस्सिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव प्रोफेसर, नामित किये गए थें।

तीन स्तरों पर मानक निर्धारित

ए.सी.एम.ओ. व क्वालिटी एश्योरेंस के नोडल डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि एन्क्वास कार्यक्रम के तहत वर्ष 2020-2021 के लिए जिला महिला चिकित्सालय का वर्चुअल माध्यम से असेसमेंट पूरा कर लिया गया है। यह असेसमेंट 22 से 24 फरवरी तक चला।एन्क्वास सर्टिफिकेट के लिए चिकित्सालयों को राष्ट्रीय स्तर के मानकों को अपने केन्द्र पर स्थापित करना पड़ता है। एन्क्वास अवार्ड के लिए विभिन्न स्वास्थ्य चिकित्सालयों के लिए तीन स्तरों पर मानक निर्धारित हैं। कोई स्वास्थ्य केंद्र जब पहले स्तर के मानकों को कम से कम 70 प्रतिशत तक प्राप्त कर लेता है तभी उसे दूसरे स्तर पर जांचा जाता है। अपने चिकित्सालय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओ और मानकों को स्थापित करने के लिए जाँचकर्ताओं ने जिला महिला चिकित्सालय की प्रसंशा की। उन्होंने कहा कि पूरी सम्भावना है कि चिकित्सालय को एन्क्वास सर्टिफिकेट मिलेगा।

असेसमेंट की रिपोर्ट जमा होने के बाद

क्वालिटी एश्योरेंस के जिला समन्वयक डॉ. शुभेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि जिला महिला चिकित्सालय का एन्क्वास असेसमेंट 22 फरवरी से 24 फरवरी तक चला। तीन दिन चले इस असेसमेंट में डॉ. अरुण व डॉ. अमित ने एन्क्वास चेकलिस्ट के अनुसार सभी 12 विभागों का असेसमेंट किया। इन विभागों में लेबर रूम, ऑपरेशन थेटर, फार्मेसी, लेबोरेटरी, जनरल एडमिनिस्ट्रेशन, दुर्घटना और इमरजेंसी, एस.एन.सी.यू., पी.पी.ओ.टी., रेडियोलॉजी, आई.पी.डी. और सहायक सेवाएं शामिल हैं। असेसमेंट की रिपोर्ट जमा होने के बाद भारत सरकार द्वारा निर्धारित विभिन्न मानदंडो पर जाँच के बाद लगभग डेढ से दो माह में इसका परिणाम घोषित किया जाता है। एन्क्वास के तहत सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने एवं उनकी गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।