Friday , 26 April 2024

प्रयागराज : परिवार नियोजन के लिए लोगों को किया गया जागरूक

एनटी न्यूज़डेस्क/प्रयागराज

प्रयागराज, 21 दिसम्बर 2020 – परिवार नियोजन के प्रति सामुदाय स्तर पर जागरूकता और स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग तत्पर है। इसी क्रम में अनूठी पहल खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन दूसरी बार 21 दिसंबर 20 को जनपद के सभी सामुदायिक व शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और जिला महिला चिकित्सालय में वृहद स्तर पर आयोजन किया गया। इसमें जिले से लेकर गाँव स्तर तक विविध कार्यक्रम और प्रचार-प्रसार पर जोर रहा।

खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन

सोमवार को दूसरी बार खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और जिला महिला चिकित्सालय में मनाया गया। इस कार्यक्रम के अन्तर्गत सी.एम.ओ. डॉ. प्रभाकर राय ने जसरा और शंकरगढ़ के स्वास्थ्य केन्द्रों का भ्रमण कर खुशहाल परिवार दिवस का शुभारम्भ किया। सी.एम.ओ. डॉ. प्रभाकर राय ने कहा कि खुशहाल परिवार दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य यह है कि समुदाय में परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता बढ़ सके। साथ ही लोग स्वयं ही इसे स्वीकार करके परिवार नियोजन को अपनाएँ। इसमें हमारा विशेष ध्यान मुख्य रूप से नव विवाहित दम्पत्ति, एक जनवरी के उपरांत जटिल गर्भावस्था की प्रसूताएँ तथा तीन या तीन से अधिक बच्चों वाले योग्य दम्पत्तियों को परिवार नियोजन के साधनों से जोड़ना है।

परिवार नियोजन अपनाने के लिए सहायक

परिवार कल्याण नोडल ए.सी.एम.ओ. डॉ. सत्येन राय ने बताया कि जटिल गर्भावस्था की प्रसूताओं को जोखिम से बचाने के लिए उन्हें परिवार नियोजन के साधनों से जोड़ना बहुत ही आवश्यक है। इसके लिए ऐसी महिलाओं को चिन्हित किया गया है जिनमें गर्भावस्था की जटिलताएं हैं ताकि उन्हें उचित देखभाल दी जा सके। नवविवाहित दम्पतित्यों को नई पहल किट भी प्रदान की जा रही है जो उन्हें परिवार नियोजन अपनाने के लिए सहायक होगी।

नवविहिताओं को नई पहल किट वितरित

यू.पी.एच.सी. सुलेम साराय में समाज सेवी निरंकार त्रिपाठी ने खुशहाल परिवार दिवस का शुभारम्भ किया। सी.एच.सी. सोराओं के अधीक्षक डॉ. विजय पाठक ने नवविहिताओं को नई पहल किट वितरित की। इस अवसर पर परिवार नियोजन लाजिस्टिक मैनेजर सचिन चौरसिया ने बताया कि नव विवाहित दम्पत्तियों को परिवार नियोजन के साधनों के बारे में बास्केट ऑफ़ चॉइस के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। आशा कार्यकर्ता इसके लिए परामर्श सेवाएं भी दे रही हैं। खुशहाल परिवार दिवस के अन्तर्गत दम्पत्तियों को परिवार नियोजन के साधनों से जोड़ा गया। इसमें 235 नव दम्पत्तियों को नई पहल किट दी गई। साथ ही 83-अंतरा, 65-छाया, 103-माला एन, 1083-कंडोम, 56 पी.पी.आई.यू.सी.डी. से लक्षित दम्पत्तियों को जोड़ा गया।