Thursday , 25 April 2024

कौन हैं सपा की चर्चित नेत्री निधि यादव, जानें राजनीतिक सफर व सामाजिक कार्य

लखनऊ।. समाजवादी पार्टी की महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निधि यादव एक बार फिर से चुनावी मैदान में उतरने को तैयार हैं। MBA पास निधि कैसे काॅरपोरेट की दुनिया से राजनीति में आईं  जानते हैं उनके सफर के बारे में……

चर्चित महिला नेत्री

निधि यादव उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के हंडिया विधानसभा क्षेत्र से 2017 में समाजवादी पार्टी से उम्मीदवार रह चुकी हैं। वर्तमान में वह समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सपा की प्रदेश प्रवक्ता भी हैं।


व्यक्तिगत जीवन

निधि यादव एक राजनीतिज्ञ परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता वासुदेव यादव, समाजवादी पार्टी से एमएलसी हैं एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के पूर्व सचिव रह चुके हैं।

निधि यादव की प्रारंभिक शिक्षा देवरिया,बलिया, वाराणसी, कानपुर, इलाहाबाद सहित अलग-अलग जिलों में हुई। इसके बाद उन्होंने स्नातक की शिक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से की। उन्होंने गुड़गांव से मार्केटिंग एवं फाइनेंस में एमबीए किया है एवं कानपुर विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की है।

उन्होंने यूएसए की एक्रोन यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल कैम्पेन मैनेजमेंट में फेलोशिप प्रोग्राम भी किया है। अपनी शिक्षा के बाद उन्होंने प्रोफेशनल लाइफ में विभिन्न क्षेत्रों में काम किया। उन्होंने एसबीआई लाइफ़ इंश्योरेंस एनआरआई सर्विसेज में मैनेजर के रूप में कार्य क़िया। एक शिक्षाविद के रूप में उन्होंने कई विश्वविद्यालयों में पढ़ाया। इसी के साथ ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों के लिए इंटरमीडिएट विद्यालय की स्थापना की।

वर्ष 2014 में उन्होंने उत्तर प्रदेश पर्यटन प्रोत्साहन परिषद के सदस्य के रूप में कार्य किया।

राजनीतिक जीवन

निधि यादव ने कम समय में राजनीति में अपनी पैठ कायम की है। 2016 में उन्होंने प्रयागराज में समाजवादी पार्टी की ओर से एमएलसी चुनाव के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली।

निधि यादव 2017 विधानसभा चुनाव में हंडिया विधानसभा से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार रही है। 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा ने पार्टी के दिग्गज नेता रहे पूर्व विधायक महेश नारायण सिंह के बेटे और तत्कालीन विधायक प्रशांत सिंह का टिकट काटकर निधि यादव पर भरोसा जताया था। हालांकि इस चुनाव में निधि दूसरे नंबर पर रही लेकिन उन्होंने प्रदेश के दिग्गज नेता राकेश धर त्रिपाठी की पत्नी को चुनावी मैदान में तीसरे नंबर पर लाकर खड़ा कर दिया था।

2017-18 में उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव की जिम्मेदारी संभाली। 2018 के फूलपुर लोकसभा के उपचुनाव में चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी का निर्वहन किया। वह 2020 में हंडिया विधानसभा क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की प्रभारी भी रहीं।

चिन्मयानंद रेप केस में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी के डेलिगेशन में वह भी थीं।

राजनीतिक रूप से बेहद सक्रिय निधि यादव, समाजवादी पार्टी की ओर से किये जाने वाले धरना प्रदर्शन सहित तमाम मांगों को लेकर किये जाने वाले कार्यक्रमों में बेहद अग्रणी भूमिका निभाती हैं।

पिछले दिनों महंगाई,पेट्रोल-डीजल के दामों,आवारा पशुओं से किसानों के फसल नुकसान, किसानों के अन्य मुद्दों, ध्वस्त कानून व्यवस्था के खिलाफ किये गए धरना प्रदर्शन में निधि यादव, समाजवादी पार्टी के सबसे खास चेहरों में शामिल रहीं। आरक्षण की मांग को लेकर कई बार यूपीएससी के बाहर उन्होंने ज़बरदस्त धरना प्रदर्शन किये। जो राष्ट्रीय पटल पर छाये रहे।

इसके साथ ही निधि यादव ने समाजवादी पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों जैसे महिला घेरा, किसान चौपाल,कैंडल मार्च सहित विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

समाजवादी पार्टी की प्रवक्ता के तौर पर वह विभिन्न चैनलों एबीपी,आज तक, भारत समाचार आदि पर समाजवादी पार्टी का बेहद शानदार तरीके से पक्ष रखते हुए नजर आती हैं।

इसके अलावा निधि यादव की ओर से महिला सम्मान एवं युवा जागरूकता साइकिल यात्रा, सामाजिक न्याय साइकिल यात्रा, संविधान बचाओ साइकिल यात्रा जैसी विभिन्न साइकिल यात्राएं निकाली हैं।

सामाजिक जीवन

निधि यादव, राजनीति के साथ-साथ सामाजिक सरोकार के कार्य भी करती रहती हैं। कोरोना काल में उन्होंने लोगों की मदद करने का अभियान छेड़ रखा था।

निधि यादव ने कोरोना काल में लोगों को फ़ूड पैकेट, दवाई, सेनेटाइजर,मास्क का वृहद स्तर पर वितरण किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से तमाम लोगों को आर्थिक सहायता दिलवाई।