सुभासपा महासचिव ने साधा बीजेपी विधायक पर निशाना, बोले- मानसिक संतुलन खो चुके हैं विधायक 

एनटी न्यूज डेस्क/ लखनऊ 

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले बौरिया विधायक सुरेंद्र सिंह पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी महासचिव अरुन राजभर ने निशाना साधा है।
सुभासपा के राष्ट्रीय महसचिव अरून राजभर ने कहा कि भाजपा के बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं।  वह अपना इलाज रांची के कांके में जाकर करा लें, एक शिक्षक को अपनी मर्यादा का ख्याल रखना चाहिए लेकिन सुरेंद्र सिंह अपनी मर्यादा बाजार में बेच चुके हैं।
अरून राजभर ने आगे कहा कि जो ख़ुद खनन का ठेका लेकर अवैध तरीके से धन उगाही कर रहे वह जगजाहिर है। ओमप्रकाश राजभर व सुरेंद्र सिंह का नार्को टेस्ट हो जाये तो  दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा कि कौन समाज के लिये लड़ रहा है कौन धन उगाही कर रहा है।

ऐसे स्तरहीन विधायक को रखने की क्या मजबूरी  

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुन राजभर ने कहा कि भाजपा को ऐसे स्तरहीन और संस्कार विहीन भ्रष्ट विधायक सुरेंद्र सिंह को साथ रखने की क्या मजबूरी है, ये समझ से परे है। विधायक सुरेंद्र सिंह ख़ुद बालू खनन में अवैध वसूली के धंधे में लिप्त हैं। विधायक व उनके परिजन सुबह से शाम तक सौ रूपये से लेकर दस हजार तक की वसूली के लिए विभागों का चक्कर लगाते रहते हैं।

क्या कहा था विधायक ने 

दरअसल बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के ऊपर टिप्पणी करते हुए कहा था कि राजभर राजनीति का सौदागर है। शराबबंदी की मांग के पीछे उनका राजनैतिक उद्देश्य पूरा करना हैं। ओमप्रकाश राजभर का मकसद अपने बेटे-बहू को सांसद बनाना है। अगर हिम्मत हो तो वो घोषणा करे कि मेरे जीते जी मुझको छोड़कर कोई राजनीति नहीं करेगा।