Tuesday , 14 May 2024

आज से मनाया जायेगा विश्व जनसंख्या दिवस

प्रयागराज : आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी, सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी जिम्मेदारी, जी हाँ ! इस बार विश्व जनसंख्या दिवस की यही थीम है। इस खास दिवस को विधिवत मनाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक ने यह भी निर्देश दिया है कि कन्टेनमेंट एरिया या बफर जोन छोड़कर सभी कार्य कोविड – 19 प्रोटोकाल का पालन करते हुए ही संपन्न किये जाएं।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभाकर राय ने कहा कि स्वस्थ सुखी परिवार के लिए सीमित परिवार होना आवश्यक है | योग्य दम्पति को नियोजित परिवार की समझ हो और नियोजन के साधनों के बारे में जानकारी होना बहुत जरुरी है | पखवाड़ा में इन बिन्दुओं बार प्रचार प्रसार भी जरुर करे और उचित संसाधनों के बारे में भी जानकारी दे |

परिवार कल्याण नोडल अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्येन राय ने बताया कि कार्यक्रम की सफल क्रियावन हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला कर स्वास्थ्य विभाग अधीक्षक, बी.सी.पी.एम, का अभिमुखीकरण किया गया हैं | ताकि कार्यक्रम में सफलता प्राप्त की जाए | बैठक में सभी ब्लाकवार गतिविधियों तैयारी एवं लक्ष्य पर चर्चा की गयी | प्रति ब्लाक 100 अंतरा, 150 आई.यु.सी.डी, 50 एफ.एस.टी एवं 10 एन.एस.वी का लक्ष्य तथा प्रति नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 40 अंतरा, 75 आई.यु.सी.डी, 10 एफ.एस.टी एवं 5 एन.एस.वी का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं |

उन्होंने बताया कि पखवाड़े में गाँव- गाँव तक प्रचार प्रसार किया जायेगा और लोगों के परिवार कल्याण के साधनों सुविधाओं की जानकारी, साधन परामर्श निशुल्क उपलब्ध कराया जायेगा |
बीते वर्षों की भांति इस वर्ष भी 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जायेगा। 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस के साथ ही पूरे प्रदेश में विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा की शुरुआत की जाएगी। जो 31 जुलाई तक चलेगा। इसके साथ ही मिशन निदेशक ने मिशन परिवार विकास कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित 57 जिलों में मिशन परिवार विकास अभियान संबंधी गतिविधियों को सचारू रूप से चलाने के लिए भी निर्देशित किया है।

ऐसे मनाया जायेगा पखवाड़ा

पखवाड़ा के दौरान हर जिले, ब्लाक और गांव में मोबाईल पब्लिसिटी वैन से परिवार नियोजन का सन्देश जोर शोर से प्रचारित और प्रसारित किया जाएगा। इस बार के कार्यक्रम में डिजिटल प्लेटफार्म जैसे व्हाट्सएप, एसएमएस आदि की पूरी मदद ली जाएगी। वहीँ विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा का शुभारंभ जिले स्तर पर किसी माननीय से कराये जाने की योजना है। साथ ही पात्र लाभार्थी को दो महीने के लिए गर्भनिरोधक गोली और कंडोम वितरित किया जाएगा। इस दौरान अंतरा और आयूसीडी को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। हर इच्छुक लाभार्थी के लिए पुरुष या महिला नसबंदी की पूर्व पंजीकरण की भी सुविधा होगी।