Sunday , 28 April 2024

लैंसेट के संपादक ने किया ट्वीट दुनिया को आज मिल सकती है कोरोना वैक्सीन

न्यूज़ टैंक्स | अंतरराष्ट्रीय

कोरोना वायरस महामारी के इलाज के लिए दुनियाभर में वैक्सीन निर्माण का कार्य जारी है। पूरी दुनिया को इस समय वैक्सीन का बेसब्री से इंतजार है। वहीं, चिकित्सा क्षेत्र की दुनिया की सबसे प्रभावशाली पत्रिका ‘द लैंसेट’ के संपादक रिचर्ड होर्टन का एक ट्वीट लोगों के बीच चर्चा का जबरदस्त विषय बन गया है।

दरअसल, रविवार को रिचर्ड ने ट्वीट किया कि कल (यानी आज सोमवार को) कोविड-19 के लिए बनाई जा रही वैक्सीन के नतीजों की घोषणा की जाएगी। इसके बाद से पूरी दुनिया की नजर इस पर टिकी हुई है।

होर्टन ने ट्वीट किया, ‘कल। वैक्सीन। बस कह रहा हूं।’ इस ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया से लेकर दुनियाभर के देशों में चर्चा हो रही है। अगर वैक्सीन के परिणाण घोषित किए जाते हैं और यह सफल रहते हैं तो यह किसी क्रांति से कम नहीं होगा।

माना जा रहा है कि आज ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में तैयार की जा रही कोरोना वैक्सीन को लेकर कोई बड़ा एलान किया जा सकता है। वर्तमान में, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) दुनियाभर में 140 वैक्सीनों की निगरानी कर रहा है। इनमें से करीब दो दर्जन मानव परीक्षण के विभिन्न चरणों में पहुंच गए हैं।

चाइनीज कंपनी सिनोवैक बायोटेक ब्राजील में परीक्षण के तीसरे चरण में जाने को तैयार है। वहीं, ओक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी/एस्ट्राजेनेका यूके में II/III और दक्षिण अफ्रीका-ब्राजील में तीसरे चरण में है। वैक्सीन निर्माण में लगी अन्य कंपनियों में जर्मन कंपनी बिनोटेक फिजर के साथ मिलकर वैक्सीन विकसित करने की तैयारी में हैं। भारत में भी दो वैक्सीन मानव परीक्षण चरण में हैं।