Saturday , 11 May 2024

न्यूयॉर्क : सपनों के शहर के बारे में ये हकीकत भी जान लीजिये 

एनटी न्यूज डेस्क/ बार्डर उस पार 

अमेरिका का न्यूयॉर्क शहर किसी के सपनों का शहर हो सकता है। बड़ी-बड़ी बिल्डिंगें, शानदार कंपनियां, पूरी ऐशोआराम से लैस यहाँ की जीवनशैली। कुल मिलाकर इंसानी जीवन बिताने के लिए न्यूयॉर्क शहर किसी के लिए सबसे उपयुक्त हो सकता है।
लेकिन इस शहर के बारे में एक हकीकत आपको बताने जा रहे हैं। जिसको पढ़कर आप थोड़ा हैरान जरूर होंगे। दरअसल एक सर्वे में न्यूयॉर्क को अमेरिका का सबसे गंदा शहर बताया गया है। सर्वे में बताया गया है कि अमेरिका के बाकी किसी भी स्थान की तुलना में यहां सबसे अधिक कीड़े-मकोड़े और कूड़ा पाया जाता है।

कंपनी बिजी बी ने जारी किया आंकड़ा

ये आंकड़ा अमेरिका की साफ-सफाई सेवा कंपनी बिजी बी ने सरकारी आंकड़ों की समीक्षा के आधार पर जारी किया है।  समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी के आंकड़ों के अनुसार, नई रिपोर्ट में कीड़े मकोड़ों और कूड़ा करकट के आधार पर समूचे अमेरिका के 40 शहरों को सूचीबद्ध किया गया है।

सबसे गंदा शहर न्यूयॉर्क

बिग एप्पल के उपनाम से प्रचलित न्यूयॉर्क शहर को बिजी बी के सबसे अधिक गंदे शहरों की सूची में 427.9 के अंकों के साथ शीर्ष स्थान मिला। लॉस एंजेलिस 317.8 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, न्यूयॉर्क में करीब 90 लाख 4000 घरों के पास की सड़कों या संपत्तियों पर कूड़ा रहता है और लगभग 23 लाख घरों में चूहे या कॉकरोच पाए गए। न्यूयॉर्क जनसंख्या घनत्व के मामले में भी पहले स्थान पर है, जिसमें प्रति वर्ग मील में 28,000 लोग रहते हैं।