Tuesday , 21 May 2024

फूलपुर उपचुनाव : देश को पहला प्रधानमंत्री देने वाली इस सीट पर भाजपा की राह ‘मुश्किल’ क्यों है ? 

एनटी न्यूज डेस्क/ इलाहाबाद/ गुरुदीप त्रिपाठी 

उत्तर प्रदेश की फूलपुर और गोरखपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा हो गई है। 11 मार्च को मतदान होगा। 14 मार्च को परिणाम भी आ जाएगा। हालांकि, यूपी की दोनों सीटें वीआईपी मानी जाती हैं। खासकर फूलपुर तो प्रतिष्ठित सीट मानी जाती है। इस सीट पर खुद डिप्टी सीएम केशव मौर्य के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी नजर है।
आजाद भारत को फूलपुर की जनता ने देश का प्रधानमंत्री बनने का भी मौका दिया था। ये नेता कोई और नहीं बल्कि पंडित जवाहर लाल नेहरु थे।

अतीक सपा को और मनीष भाजपा को देंगे झटका

फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में सपा के बाद भाजपा ने भी पटेल प्रत्याशी उतारा है। अब यहां का चुनावी मुकाबला पटेल बनाम पटेल हो गया है। 18.50 लाख वोटरों में से यहां सर्वाधिक पटेल बिरादरी के ही मतदाता है।
 दरअसल, भाजपा के कौशलेंद्र सिंह पटेल और सपा के नागेंद्र सिंह पटेल में सीधा मुकाबला है। कांग्रेस के मनीष मिश्र भी त्रिकोण बनाएंगे। वहीं, अतीक अहमद निर्दल चुनावी मैदान में उतरकर मुस्लिम वोट बटोरकर सपा को नुकसान पहुंचाएंगे। फूलपुर लोकसभा की पांच विधानसभा क्षेत्रों में मुस्लिम वोटरों की संख्या दो लाख से ज्यादा है।

भाजपा की राह मुश्किल

सर्वण को टिकट न मिलने से फूलपुर की जनता में गुस्सा है। ऐसे में भाजपा के वोटबैंक में मनीष सेंध लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। शहर उत्तरी, पश्चिमी दो विधानसभा ब्राह्मण बाहुल्य मानी जाती हैं। फूलपुर की पांचों विधानसभा में ब्राह्मण वोटरों की संख्या भी दो लाख के आसपास है। ऐसे में भाजपा के लिए जीत का सेहरा पहनना मुश्किल भरा काम है।

2014 में प्रमुख दलों को मिले मत

भाजपा     5,03,564
सपा        1,95,256
बसपा      1,63,710
कांग्रेस     58,127

फूलपुर लोकसभा सीट के सांसद बने

1952   पंडित जवाहर लाल नेहरू, कांग्रेस
1957   पंडित जवाहर लाल नेहरू व मसुरियादीन, कांग्रेस
1962   पंडित जवाहर लाल नेहरू, कांग्रेस
1964   विजय लक्ष्मी पंडित, कांग्रेस
1967   विजय लक्ष्मी पंडित, कांग्रेस
1969   जनेश्वर मिश्र, समायुक्त सोशलिस्ट पार्टी
1971   विश्वनाथ प्रताप सिंह, कांग्रेस
1977   कमला बहुगुणा, भारतीय लोकदल
1980   बीडी सिंह, जनता दल सेक्युलर
1984   रामपूजन पटेल, कांग्रेस
1989   रामपूजन पटेल, जनता दल
1991   रामपूजन पटेल, जनता दल
1996   जंग बहादुर सिंह पटेल, समाजवादी पार्टी
1998   जंग बहादुर सिंह पटेल, समाजवादी पार्टी
1999   धर्मराज पटेल, समाजवादी पार्टी
2004   अतीक अहमद, समाजवादी पार्टी
2009   कपिलमुनि करवरिया, बहुजन समाज पार्टी
2014   केशव प्रसाद मौर्य, भारतीय जनता पार्टी