Friday , 10 May 2024

कोरोना से विश्व को मुक्त करें बाबा काशी विश्वनाथ : शालिनी यादव

न्यूजटैंक्स / वाराणसी

बाबा काशी विश्वनाथ को सपा नेत्री शालिनी यादव ने सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक अर्पित किया। यादव बंधुओं द्वारा परंपरागत रूप से वर्ष 1932 से जलाभिषेक करने वाली संस्था चंद्रवंशी गोप सेवा समिति के तत्वाधान में शालिनी यादव ने इस जलाभिषेक कार्यक्रम की अगुआई की।

इस अवसर पर मीडियाजनों से बात करते हुए शालिनी ने कहा कि सावन में शुक्र व चंद्र मजबूत होते हैं, जिसमें यादव बंधुओं द्वारा प्रथम सोमवार को बाबा का गंगाजल से अभिषेक किये जाने से मानवजाति के सभी कष्ट दूर होते हैं। इसके पहले समिति के अध्यक्ष लालजी यादव व अन्य ने केदारघाट से घड़ों में गंगाजल भरकार ऐतिहासिक परंपरा को दोहराया। इस दौरान पीतल ध्वज लेकर डमरू बजाते हुए 11 लोग हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ चल रहे थे। उसके बाद दशाश्वमेध घाट से शीतला माता का आशीर्वाद व गंगाजल लेते हुए शालिनी यादव व लालजी यादव के नेतृत्व में यह जत्था 11 की संख्या में मंदिर में प्रवेश हेतु डेडशी के पुल की गली पर पहुंचा, जहां पर मौजूद दर्शनार्थियों ने शालिनी यादव को माला व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। उसके बाद हर-हर महादेव घोष के साथ सभी लोग मन्दिर के लिए चल दिये। बाबा के दर्शन के बाद उनका जलाभिषेक किया और उनसे कोरोना से मुक्ति और देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

ज्ञानवापी के मुख्यद्वार से सभी लोग बाहर आये, जहां पर स्थानीय यादव बंधुओं द्वारा शालिनी यादव सहित सभी दर्शनार्थियों का पूर्व पार्षद प्रत्याशी मनीष यादव के नेतृत्व में अभिनंदन और फलाहार वितरित किया गया। इस जलाभिषेक कार्यक्रम में शालिनी यादव व लालजी यादव के अलावा विनय, मनीष, मनोज इंजीनियर, दुर्गा, मनोज, आयुष्मान, विष्णु, बल्ली, अश्वनी, सागर, अशोक, गोपाल सहित कई लोगों ने हिस्सा लिया।