Monday , 29 April 2024

मिशन 2022 के लिए हंडिया विधानसभा क्षेत्र में सपा की ‘समाजवादी पद यात्रा’

इलाहाबाद। मिशन 2022 फतेह के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से यात्राओं का दौर जारी है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव जहां समाजवादी विजय यात्रा के माध्यम से पूरे प्रदेश के अलग-अलग के अलग-अलग क्षेत्रों में जा रहे हैं वहीं सपा नेताओं ने जनसंपर्क अभियान के लिए ताकत झोंक दी है।

इलाहाबाद के हंडिया विधानसभा क्षेत्र से 2017 में सपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने वाली एवं वर्तमान में समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निधि यादव समाजवादी पद यात्रा के माध्यम से हंडिया विधानसभा में जनसंपर्क अभियान चला रही हैं।

निधि यादव की ओर से समाजवादी पद यात्रा की शुरूआत 16 दिसम्बर से की गयी थी। हंडिया विधानसभा के 438 बूथों पर 438 किलोमीटर चलने वाली इस यात्रा को खूब स्नेह मिल रहा है।

समाजवादी पद यात्रा के संबंध में बातचीत करते हुए निधि यादव ने कहा कि हंडिया विधानसभा के 438 बूथों पर 438 किलोमीटर की समाजवादी पद यात्रा को हंडिया की जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। महंगाई, बेरोजगारी जनता की मूल समस्याएं हैं। आज लोग 5 साल पहले के वो दिन याद कर रहे हैं कि जब समाजवादी सरकार के दौरान महिला,बुजुर्ग,नौजवानों को रोजगार,पेंशन सहित तमाम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता था।

निधि यादव ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना सामाजिक समृद्धि सम्भव नहीं है। पितृसत्तात्मक सोच ही महिला सशक्तिकरण में सबसे बड़ा रोड़ा है। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के लिए सपा सरकार ने दर्जनों योजनायें चलाई। आज भाजपा राज में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। आये दिन रेप, हत्या की खबरें दिल दहला देती हैं।

निधि यादव ने कहा कि आज बेरोजगारी चरम पर है। 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाला हुआ, जिसके बाद अभ्यर्थी न्याय मांग रहे हैं और उन्हें लाठियों बरसाई जा रही है।

निधि यादव ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाकर, समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा रही है।