Monday , 20 May 2024

नहीं रहे राज्यसभा सांसद अमर सिंह, लंबे समय से चल रहा था इलाज

न्यूज़ टैंक्स \ देश

राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह का शनिवार दोपहर 64 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में 27 जनवरी 1956 को जन्मे अमर सिंह बहुत लंबे समय से बीमार चल रहे थे और कुछ महीनों से सिंगापुर में उनका इलाज चल रहा था। मुंबई मिरर में प्रकाशित एक हालिया रिपोर्ट में कहा गया है कि वह आईसीयू में थे और उनका परिवार उनके साथ था। एक समय पर उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेताओं में गिने जाने वाले अमर सिंह समाजवादी पार्टी के मुखिया रहे मुलायम सिंह यादव के करीबियों में शामिल थे।

अमर सिंह की साल 1996 में एक फ्लाइट के दौरान तत्कालीन रक्षामंत्री मुलायम सिंह से मुलाकात हुई, जिसके बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश लिया था। हालांकि, इससे पहले भी वह मुलायम सिंह से मिल चुके थे, लेकिन फ्लाइट में मुलाकात के बाद ही मुलायम सिंह ने अमर सिंह को पार्टी का महासचिव बनाने का फैसला किया था।

अमर सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सांसद थे। 5 जुलाई 2016 को उन्हें उच्च सदन के लिए चुना गया था। समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद उनकी सक्रियता कम हो गई थी। हालांकि, बीमार होने से पहले तक उनकी करीबियां भारतीय जनता पार्टी से बढ़ रही थीं। उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत 1996 में राज्यसभा का सदस्य चुने जाने के साथ ही हुई थी।

अमिताभ बच्चन के करीबी दोस्तों में थे अमर सिंह

इससे पहले वह 2002 और 2008 में भी राज्यसभा के लिए चुने जाते रहे हैं। एसपी नेता मुलायम सिंह यादव के अलावा मेगास्टार अमिताभ बच्चन के परिवार से भी अमर सिंह के बेहद करीबी रिश्ते रहे हैं। पिछले कुछ सालों में इन रिश्तों में खटास जरूर आई थी। इस साल फरवरी महीने में अमर सिंह ने एक वीडियो जारी करके अमिताभ बच्चन से माफी भी मांगी थी।

समाजवादी पार्टी से दूर होते गए अमर

एक समय मुलायम सिंह यादव के खास कहे जाने वाले अमर सिंह साल 2017 के पहले ही किनारे लगने लगे थे। समाजवादी पार्टी में शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के झगड़े में अखिलेश ने अमर सिंह को विलन माना। कई बार तो अखिलेश ने खुलेआम अमर सिंह की आलोचना की। बाद में अमर सिंह भी बीजेपी के कार्यक्रमों में नजर आने लगे। उन्होंने आरएसएस से जुड़े संगठन को अपने पूरी संपत्ति दान करने का भी ऐलान किया था।